29 जुलाई, 2026, अल्मोड़ा
गृह मंत्रालय, भारत सरकार, के राजभाषा विभाग द्वारा वर्ष 2025-26 के लिए 'नराकास प्रोत्साहन सम्मान' की आधिकारिक घोषणा की गई है। इस घोषणा में नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास), अल्मोड़ा (कोड: 052) को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए "प्रशंसनीय" श्रेणी में चयनित किया गया है। नगर राजभाषा कार्यान्वयन समितियों द्वारा वर्ष भर आयोजित की जाने वाली बैठकों, कार्यशालाओं, प्रतियोगिताओं एवं हिंदी के प्रचार-प्रसार से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों के आधार पर नराकास सूचना प्रबंधन प्रणाली पर ऑनलाइन प्रविष्ट किए गए आंकड़ों एवं निर्धारित कड़े मानदंडों के मूल्यांकन के पश्चात इन पुरस्कारों का निर्धारण करता है।

उल्लेखनीय है कि गृह मंत्रालय, भारत सरकार, के अंतर्गत राजभाषा विभाग द्वारा देश भर के विभिन्न शहरों में स्थित केन्द्र सरकार के कार्यालयों, उपक्रमों, स्वायत्त निकायों तथा सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में राजभाषा हिंदी के प्रयोग को प्रोत्साहित करने तथा इसके प्रगामी प्रयोग में आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों को दूर करने के उद्देश्य से 592 नराकासों का संचालन किया जा रहा है। राजभाषा विभाग के अनुसार, वर्ष 2025-26 के लिए देश भर की कुल 197 नराकासों का चयन इस सम्मान के लिए किया गया है। इनमें से नराकास, अल्मोड़ा को 'प्रशंसनीय' श्रेणी हेतु पात्र पाया गया है।
वर्ष 2013 में गठित नराकास, अल्मोड़ा का अध्यक्षीय कार्यालय भाकृअनुप-विवेकानन्द पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, अल्मोड़ा है जिसके अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मी कान्त, निदेशक, भाकृअनुप-वीपीकेएएस तथा श्रीमती रेनू सनवा, सदस्य सचिव एवं मुख्य तकनीकी अधिकारी व प्रभारी राजभाषा, भाकृअनुप-वीपीकेएएस, हैं।
संस्थान के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में नराकास, अल्मोड़ा से जुड़े 31 सदस्य कार्यालयों ने राजभाषा नीति के शत-प्रतिशत अनुपालन को सुनिश्चित करने हेतु निरंतर एवं सराहनीय प्रयास किए हैं। राजभाषा विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आवधिक बैठकों का आयोजन, कर्मचारियों को राजभाषा का प्रशिक्षण देना, हिंदी पखवाड़े का सफल संचालन तथा नराकास सूचना प्रबंधन प्रणाली पर समयबद्ध तरीके से आंकड़ों को अद्यतित करने में नराकास, अल्मोड़ा की अग्रणी भूमिका रही है।
गृहमंत्रालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के तहत, यह प्रतिष्ठित सम्मान आगामी 14-15 सितंबर, 2026 को सिडको प्रदर्शन केन्द्र, नवी मुंबई (महाराष्ट्र) में आयोजित होने वाले भव्य राष्ट्रीय सम्मेलन के अवसर पर प्रदान किया जाएगा। पुरस्कार वितरण का मुख्य सत्र 15 सितंबर 2026 को प्रातः 10:30 बजे से दोपहर 01:00 बजे तक रहने वाला है।
इस गरिमामय समारोह में डॉ. कान्त एवं श्रीमती सनवाल व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर यह सम्मान प्राप्त करेंगे। नराकास, अल्मोड़ा की इस उपलब्धि पर संस्थान के सभी कार्मिकों में हर्षोल्लास का माहौल है।
(भाकृअनुप-विवेकानन्द पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, अल्मोड़ा)







फेसबुक पर लाइक करें
यूट्यूब पर सदस्यता लें
X पर फॉलो करना X
इंस्टाग्राम पर लाइक करें